हल्द्वानी: सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंह नगर जनपद की तहसील सितारगंज में बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा प्रहार किया है। विजिलेंस ने कार्रवाई के दौरान संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान को मिली शिकायत के अनुसार, तहसील सितारगंज में कार्यरत संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से उसकी भूमि पर लगे कुर्की आदेश को हटाने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा उसकी पत्नी के केसीसी लोन पर जारी रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) की कार्रवाई समाप्त करने के एवज में अवैध रकम की मांग कर रहे थे। अमीन ने इसके लिए ₹10,000 तथा वरिष्ठ सहायक ने ₹6,000 मांगे थे।
शिकायत का सत्यापन होने पर एसपी विजिलेंस (हल्द्वानी) के निर्देश पर गठित विशेष ट्रैप टीम ने तहसील कार्यालय में छापा मारा। टीम ने संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को ₹8,000 तथा वरिष्ठ सहायक भूपेन्द्र सिंह राणा को ₹6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए टोल-फ्री नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा है।

















