गरमपानी: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पर लगातार लग रहा भीषण जाम अब आम जनता के जीवन के साथ-साथ अति आवश्यक सेवाओं के लिए भी भारी मुसीबत बनता जा रहा है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण शनिवार को देखने को मिला, जब रोजाना सुबह 5:30 से 6:00 बजे के बीच गरमपानी पहुंचने वाली दूध की सप्लाई गाड़ी लगभग 8 घंटे की भारी देरी के बाद दोपहर 2:00 बजे पहुंची।
आज ‘अष्टमी का श्राद्ध’ होने के कारण क्षेत्रवासियों को तर्पण और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दूध की नितांत आवश्यकता थी। सुबह से ही ग्रामीण व व्यापारी दूध के वाहन की राह तकते रहे, लेकिन राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारों और अव्यवस्था के चलते आवश्यक आपूर्ति घंटों फंसी रही। दोपहर में जब दूध की गाड़ी गरमपानी बाजार पहुंची, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली और अपने धार्मिक कार्य संपन्न किए।
इस घटना ने हाईवे की बदहाल यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब दूध जैसी अति आवश्यक सामग्री पहुँचाने वाले वाहन 8-8 घंटे जाम में फंसे रहेंगे, तो आम यात्रियों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन स्थिति में मरीजों की क्या दुर्दशा हो रही होगी, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।


















