( कर्नाटक खोला बना खेल का अखाड़ा, मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे महापौर एवं राज्य मंत्री)


अल्मोड़ा जनपद में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अल्मोड़ा नगर निगम महापौर अजय वर्मा एवं दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट उपस्थित रहे।जिले भर से सैकड़ों खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में अपने हुनर,अनुशासन और दमखम का प्रदर्शन किया।आयोजन को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल रहा। प्रतियोगिता स्थल पर आज भारी संख्या में दर्शक भी पहुंचे। आयोजन समिति के मुख्य संयोजक बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कराना नहीं बल्कि उन्हें राज्य,राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है, ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का सबसे प्रभावी माध्यम बनते हैं। आयोजित प्रतियोगिता में पी-वी, सब-जूनियर,कैडेट एवं जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग भाग लकिया और विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
प्रतियोगिता का संचालन हेमवंती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में तैनात ताइक्वांडो कोच वंदना भण्डारी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे नगर के महापौर अजय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन,आत्मविश्वास और बेहतर व्यक्तित्व निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है।उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की खेल प्रतिभाओं में अपार क्षमता है और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में दूसरे मुख्य अतिथि के रूप में पधारी राज्य मंत्री गंगा बिष्ट ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अल्मोड़ा में खेल गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया गया है जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है, उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बच्चे और युवा खेलों से जुड़ रहे हैं तथा नियमित प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में विधि थापा,नित्या सिंह,गर्विता बिष्ट, आराध्या देवड़ी,मान्या वर्मा, सोम्या आर्य,पार्थ पाठक सहित 71 खिलाड़ियों ने गोल्ड,सिल्वर एवं ब्रांस मेडल जीते। कार्यक्रम में हयात सिंह बिष्ट,देवेंद्र कर्नाटक,कमलेश कर्नाटक, रमेश जोशी,अमर बोरा, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता आदि उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड सहित उत्तर प्रदेश आदि क्षेत्र से आए कोच, रेफरी और खिलाड़ी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।।

ADVERTISEMENTS