​गरमपानी: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते रह गया। हल्द्वानी से गंगोलीहाट की ओर जा रही ‘भट्ट ट्रेवल्स’ की एक बस का रामगढ़ पुल के समीप अचानक ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक न लगने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सीधे सामने से आ रही एक पिकअप से जा टकराई।

​गनीमत यह रही कि इस टक्कर के बाद बस पुल के किनारे ही रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि पिकअप बीच में न आती, तो अनियंत्रित बस सीधे पुल से नीचे गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे के वक्त बस में लगभग 25 यात्री सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

​

सड़क के बीचों-बीच वाहन फंसने के कारण हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। ग्रामीणों और राहगीरों की कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर जाम खुलवाया गया और यातायात सुचारू किया गया।

बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें सवार यात्री काफी सहम गए थे। बाद में स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से सभी यात्रियों को दूसरी गाड़ियों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। स्थानीय व्यापारियों ने पहाड़ी मार्गों पर चलने वाले वाहनों की फिटनेस और नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे तकनीकी खराबी के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad