गरमपानी : भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोपाखी पुल के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। हल्द्वानी से सीतलखेत की ओर जा रहा एक बाइक सवार दोपाखी पुल के पास अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।

​तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराकर सीधे नीचे शिप्रा नदी की ओर जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक उछलकर राजमार्ग और नदी के बीच गहरी झाड़ियों में जा अटका, जबकि बाइक नीचे खाई में चली गई।

​हादसे के बाद घायल युवक ने बचाव के लिए आवाज लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई। बिना अपनी जान की परवाह किए राहगीर गहरी झाड़ियों के बीच उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार: यदि युवक झाड़ियों में न अटककर कुछ फीट और नीचे गिरता, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही घायल को प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसे मामूली चोटों के साथ राहत मिल गई।

​हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दोपाखी पुल के समीप का यह मोड़ दुर्घटना के लिहाज से काफी संवेदनशील है और यहाँ पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से इस स्थान पर तत्काल सुरक्षा बैरियर, क्रैश बैरियर और स्पष्ट चेतावनी संकेत बोर्ड लगाने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad