भवाली: वीकेंड पर कैंची धाम में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से बचने की कोशिश एक परिवार के लिए बेहद खतरनाक साबित हुई। बरेली निवासी मनोज कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कार से रानीखेत जा रहे थे। हाईवे के जाम से बचने के लिए उन्होंने सेनिटोरियम बाईपास से चोरसा-रातीघाट-दुनिखाल के संकरे पैदल मार्ग का रास्ता चुन लिया।

​इसी दौरान अचानक ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई और सड़क पर ही पलट गई। गनीमत रही कि कार खाई की तरफ नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

​दुर्घटना की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान किशोर ढेला, विजय करायत, कन्नू बोरा, कपिल पांडे और खड़क सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला और वाहन को रास्ते से हटाकर यातायात सुचारु कराया।

​ग्राम प्रधान ने बताया कि जाम से बचने के लिए कई लोग इस खराब और गड्ढों वाले पैदल मार्ग पर गाड़ियां ला रहे हैं, जिससे लगातार जान का खतरा बना हुआ है। स्थानीय जनता ने प्रशासन से ऐसे संवेदनशील पैदल मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को तुरंत रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

ADVERTISEMENTS Ad