चमोली। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद चमोली से आज सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ थराली के ल्वाणी गांव के समीप जंगल क्षेत्र में एक निजी एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर लगभग 400 से 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

देहरादून से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहाजंग के बैंक गांव निवासी बलबीर सिंह अपने परिवार के एक सदस्य, स्वर्गीय भजन सिंह (पुत्र प्रेम सिंह) के पार्थिव शरीर को देहरादून से वापस अपने पैतृक गांव ला रहे थे। भजन सिंह का देहरादून में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बलबीर सिंह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अंतिम संस्कार की रस्मों में शामिल होने के लिए देहरादून से लौट रहे थे, तभी ल्वाणी गांव के पास यह हादसा हो गया। वाहन में कुल 6 लोग सवार थे।

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब साढ़े पांच बजे चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वाहन पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सीधे गहरी खाई में समा गई। चौकी में सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

मृतकों और घायलों की स्थिति

रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और नजदीकी अस्पताल भिजवाया।
मृतकों की पहचान:

  1. बलबीर सिंह (उम्र 52 वर्ष)
  2. शांति देवी (उम्र 48 वर्ष)
  3. आंशु बिष्ट (उम्र 18 वर्ष)
    घायलों की पहचान:
  4. कविता देवी (उम्र 32 वर्ष)
  5. मयंक सिंह (उम्र 8 वर्ष)
  6. रोशनी (उम्र 18 वर्ष)
    घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहाँ उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। इस हादसे के बाद से लोहाजंग के बैंक गांव में कोहराम मचा हुआ है। एक ही परिवार में हुए इस दोहरे संकट से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad