नैनीताल। देवभूमि में एक बार फिर मानवता शर्मसार हुई है। नैनीताल घूमने आई दिल्ली की एक युवती के साथ टैक्सी चालक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार शाम देहरादून से बस द्वारा हल्द्वानी पहुंची युवती ने नैनीताल जाने के लिए दीपक बोरा नामक चालक की टैक्सी बुक की। रास्ते में नशे में धुत चालक ने युवती से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर वह कार को मुख्य मार्ग से हटाकर पटवाडांगर के सुनसान जंगल की ओर ले गया। वहां उसने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और उसका मोबाइल छीन लिया।
युवती ने डटकर मुकाबला किया, जिससे दोनों के बीच हाथापाई हुई। मौका पाकर युवती नंगे पैर ही घने जंगल की ओर भाग निकली। पकड़े जाने के डर से वह पूरी रात एक कलवर्ट (पुलिया) के नीचे छिपी रही। शुक्रवार सुबह उसने स्थानीय ग्रामीणों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है और घटनास्थल से संघर्ष के साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

















