नैनीताल: जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस ने परमिट शर्तों व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशों पर जिलेभर में की गई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में कुल 258 चालान काटे गए और 73 वाहनों को सीज कर दिया गया।
लाइसेंस और परमिट पर भी गिरी गाज
अभियान के दौरान गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 5 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस/परमिट निरस्त करने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा पुलिस टीम ने मौके पर 47 हजार रुपये का संयोजन (शमन) शुल्क भी वसूला। सीज किए गए 73 वाहनों में 72 मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
क्षेत्रवार कार्रवाई का ब्योरा
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारियों, यातायात निरीक्षकों, टीएसआई रामनगर और सीपीयू प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे:
- सीपीयू हल्द्वानी: 24 वाहन सीज किए गए।
- यातायात निरीक्षक हल्द्वानी: 09 वाहन सीज किए गए।
- यातायात निरीक्षक भीमताल / भवाली / कैंचीधाम: 09 वाहन सीज किए गए।
- विभिन्न थानों की पुलिस: 224 नकद चालान किए गए।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यातायात नियमों की अनदेखी और परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




















