गरमपानी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गरमपानी में सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (उत्तराखंड प्रांत) के बाल विद्यार्थी प्रमुख डॉ. शील निधि त्रिपाठी ने की, जबकि मुख्य अतिथि DRDO के अवकाश प्राप्त वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. हेमन्त पाण्डेय रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान बालम सिंह पीनारी (छरा-खैरना) एवं ग्राम प्रधान श्रीमती गीता पाठक (बारगल) ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन से हुआ। इसके उपरांत ‘शिशु भारती’ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद, गोपनीयता, अनुशासन एवं राष्ट्रभक्ति की शपथ दिलाई गई।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय की मेधावी पूर्व छात्रा कु. भूमिका जलाल का सम्मान समारोह रहा। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में पूरे प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर अतिथियों ने उन्हें सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर पुरस्कृत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि डॉ. हेमन्त पाण्डेय ने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण, कठिन परिश्रम एवं राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। अध्यक्ष डॉ. शील निधि त्रिपाठी ने संस्कारयुक्त शिक्षा एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में विद्यालय व्यवस्थापक नारायण सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष त्रिभुवन पाठक, प्रबंध समिति सदस्य दीपक पाण्डेय, प्रधानाचार्य मनोहर जी सहित समस्त आचार्य परिवार एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

ADVERTISEMENTS Ad