गरमपानी।खैरना स्थित मोक्ष धाम परिसर में पिछले कुछ समय से लगातार जमा हो रहे कूड़े के ढेर को लेकर स्थानीय निवासियों और व्यापार मंडल में गहरा आक्रोश है। पवित्र स्थल पर फैली इस गंदगी के खिलाफ व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीरज जलाल की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी आपत्ति जताई थी।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी (SDM) दिव्यांश मीणा तुरंत मोक्ष धाम पहुंचे और मौके का स्थलीय निरीक्षण किया। परिसर की दुर्दशा और चारों तरफ फैली गंदगी को देखकर उपजिलाधिकारी ने स्थिति को बेहद संवेदनशील माना। उन्होंने व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि मोक्ष धाम जैसे पवित्र स्थल की गरिमा को किसी भी हाल में ठेस नहीं पहुंचने दी जाएगी।

​SDM दिव्यांश मीणा ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि इस संवेदनशील परिसर में कूड़ा फेंकने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही संबंधित अधिकारियों और जिला पंचायत के साथ संवाद स्थापित कर एक बेहतर कूड़ा निस्तारण प्रणाली तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो।

​इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जलाल, राजस्व निरीक्षक नरेश अश्वाल और अनिता पंत समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मोक्ष धाम की स्वच्छता और सम्मान बनाए रखने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं

ADVERTISEMENTS Ad