लोहाघाट। लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान-रायकोट के पास बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर की ओर आ रही टनकपुर डिपो की एक रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक बेनीराम भट्ट (निवासी बड़ोली, चंपावत) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 34 यात्री बाल-बाल बच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तकनीकी खराबी (ब्रेक या स्टीयरिंग फेल होने) के कारण हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और बस परिचालक किशन के मुताबिक, जैसे ही बस लोहाघाट के मंदिर के पास तीखे मोड़ पर पहुंची, चालक बेनीराम ने यात्रियों की जान बचाने के लिए सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकरा दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक की तरफ का दरवाजा अचानक खुल गया और बेनीराम सीट से छिटककर सड़क किनारे नाली में जा गिरे। इसी दौरान अनियंत्रित बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तहसीलदार मोहीउद्दीन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तुरंत जेसीबी मशीन की मदद से बस को हटाकर चालक के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। चालक की सूझबूझ से बस खाई में गिरने से बच गई और सभी 34 यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad