गरमपानी: अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मुख्य व्यावसायिक केंद्र गरमपानी बाजार में आवारा पशुओं का आतंक चरम पर पहुंच गया है। आए दिन होने वाले इन हादसों से स्थानीय व्यापारी, राहगीर और यहां पहुंचने वाले पर्यटक बेहद परेशान हैं। आज बाजार के बीचों-बीच दो भारी-भरकम आवारा पशु आपस में बुरी तरह भिड़ गए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। व्यस्त सड़क के बीचों-बीच पशुओं की इस लड़ाई के कारण वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और एक गाड़ी मैं नुकसान पहुंचा।

​पशुओं को आक्रामक रूप से लड़ते देख बाजार में सामान खरीद रहे ग्राहकों और पर्यटकों के होश उड़ गए। अपनी जान बचाने के लिए लोग आनन-फानन में आसपास की दुकानों के भीतर की ओर भागे। स्थिति को बेकाबू होते देख स्थानीय दुकानदारों ने हिम्मत दिखाई और डंडे लहराकर तथा पानी डालकर बड़ी मशक्कत के बाद दोनों लड़ाकू पशुओं को वहां से खदेड़ा, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

​व्यापारियों का कहना है कि बाजार में हर समय डर का माहौल बना रहता है। इससे पहले भी इन आवारा पशुओं के हमले के कारण एक बुजुर्ग व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो चुकी है। ये हिंसक पशु कई बार दुकानदारों और राहगीरों पर भी हमला कर उन्हें चोटिल कर चुके हैं।

​आशंका और मवेशियों के खौफ के साथ-साथ बाजार में स्वच्छता व्यवस्था भी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सुबह होते ही आवारा पशुओं का पूरा झुंड बाजार में डेरा जमा लेता है। ये पशु सड़कों और दुकानों के ठीक सामने घूमते रहते हैं, जिससे चारों तरफ गंदगी और गोबर फैल जाता है। दुकानदारों को रोज सुबह अपनी दुकान खोलते ही सबसे पहले गोबर उठाने और सफाई करने का काम करना पड़ रहा है।

​स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन बार-बार की गुहार के बाद भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad