(उत्तराखंड राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन जी होंगे मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी विशिष्ट अतिथि के रूप में करेंगे शिरकत)
अल्मोड़ा/ हल्द्वानी उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का एकादश दीक्षांत समारोह आगामी 18 नवम्बर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
उत्तराखण्ड सरकार के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।समारोह में राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के अध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव दीक्षांत उद्बोधन प्रदान करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की विद्या परिषद एवं कार्य परिषद के सदस्यगण भी उपस्थित रहेंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा 36 शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रख्यात प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय विशेषज्ञ तथा भारतीय रेल सेवा (1980 बैच) के सेवानिवृत्त अधिकारी श्री अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। उन्होंने भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते उल्लेखनीय कार्य किया है।
विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत अध्ययन पूर्ण करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी। समारोह में सहभागिता के लिए अब तक कुल 292 शिक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी जी ने कहा कि एकादश दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण अवसर है।




























