(*संवेदनशील मामलों में संयमित शैली आवश्यक है।
** उत्तराखंड की परम्परागत पत्रकारिता को भी याद किया गया।)


राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग, अल्मोड़ा की ओर से ‘पत्रकारिता : सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं ने प्रेस की स्वतंत्रता, समाचारों की विश्वसनीयता और जनहित के प्रति मीडिया की जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे।


गोष्ठी में सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं, तस्वीरों और वीडियो की पुष्टि करने, खबर से जुड़े सभी पक्षों का दृष्टिकोण जानने और संवेदनशील मामलों में संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

विचाराधीन मामलों की रिपोर्टिंग में अदालत का फैसला आने से पहले किसी व्यक्ति को दोषी ठहराने की प्रवृत्ति और उसके प्रभावों पर भी चर्चा हुई।गोष्ठी में उत्तराखंड की पत्रकारिता की परंपरा का भी उल्लेख किया गया। स्थानीय समस्याओं, जन आंदोलनों और दूरस्थ क्षेत्रों की आवाज को सार्वजनिक विमर्श में स्थान देने में क्षेत्रीय पत्रकारिता की भूमिका पर विचार रखे गए।


जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने कहा कि सूचनाओं के तेजी से प्रसार के इस चुनौतीपूर्ण समय में हमें खबर की तथ्यपरकता और उसे प्रस्तुत करने के तरीके, दोनों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खबर को सनसनीखेज बनाने से बचना और उसे जनहित को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से प्रस्तुत करना पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद करता है।इस अवसर विभिन्न संस्थानों से जुड़े अनेक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad