उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शनिवार को पुराना बाजार क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगवाने से इनकार करने वाले करीब एक दर्जन व्यापारियों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इससे व्यापारियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार नगर में पिछले एक वर्ष से स्मार्ट मीटर लगाने का अभियान चल रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली के बिल पहले से अधिक आ रहे हैं। इसी वजह से कई व्यापारी नए मीटर लगाने के पक्ष में नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ऊर्जा निगम की टीम ने पुराना बाजार पहुंचकर व्यापारियों से स्मार्ट मीटर लगाने को कहा था…लेकिन व्यापारियों ने मना कर दिया। इसके बाद उन्हें नोटिस जारी किए गए।
शनिवार सुबह निगम के कर्मचारी फिर बाजार पहुंचे और व्यापारियों से स्मार्ट मीटर लगाने को कहा। जब उन्होंने दोबारा इनकार किया तो करीब एक दर्जन दुकानों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए।
बिजली आपूर्ति बंद होने से कई व्यापारियों को नुकसान भी उठाना पड़ा। व्यापारियों का कहना है कि बिजली नहीं होने से आइसक्रीम और अन्य खराब होने वाले सामान पिघलकर खराब हो गए…जिससे आर्थिक नुकसान हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पार्षद के नेतृत्व में व्यापारी एकत्र हो गए और विरोध की तैयारी शुरू कर दी। विरोध की सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम के कर्मचारी कुछ घंटे बाद दोबारा मौके पर पहुंचे और कुछ दुकानों के बिजली कनेक्शन फिर से जोड़ दिए। हालांकि देर शाम तक कई व्यापारियों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
व्यापारियों ने मांग की है कि स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान किया जाए और बिना सहमति बिजली कनेक्शन काटने जैसी कार्रवाई न की जाए।
















