हल्द्वानी: दिल्ली से छुट्टियों पर अपने घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक की हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर टांडा जंगल क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। किसी अज्ञात वाहन ने उसकी केटीएम बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को शनिवार तड़के करीब 3:45 बजे रेंज कार्यालय के पास सड़क किनारे एक युवक के घायल पड़े होने की सूचना मिली। संजय वन चौकी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान उसके पास मिले पहचान पत्र के आधार पर कुंदन सिंह सम्मल निवासी ग्राम रौसिला, काठगोदाम (नैनीताल) के रूप में हुई।
कुंदन पिछले चार सालों से दिल्ली के एक होटल में नौकरी करते थे और अपने परिवार के सबसे बड़े बेटे थे, जिन पर पूरे घर की आर्थिक जिम्मेदारी थी। इस हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन की तलाश की जा रही है।















