हल्द्वानी : नैनीताल रोड पर जिलाधिकारी कैंप कार्यालय के सामने स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा में दो महिलाओं ने बेहद शातिराना अंदाज में एक पूर्व सैनिक को अपना शिकार बना लिया। बैंक से पेंशन के 50 हजार रुपये निकालने के बाद पासबुक अपडेट कराने पहुंचे पूर्व सैनिक का थैला काटकर महिलाएं पूरी नकदी उड़ा ले गईं। पूरी घटना बैंक परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

ध्यान भटकाकर दिया वारदात को अंजाम

चांदनी चौक धुड़दौड़ा मानपुर पश्चिम निवासी बहादुर सिंह करीब 30 वर्ष पूर्व सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वह 14 सितंबर को पेंशन की राशि निकालने एसबीआइ की मुख्य शाखा पहुंचे थे। काउंटर से विड्रॉल के जरिए 50 हजार रुपये निकालने के बाद उन्होंने नकदी प्लास्टिक के थैले में रख ली और पासबुक अपडेट कराने बैंक परिसर स्थित एटीएम/मशीन के पास पहुंचे।

वहां बैंक गार्ड की मदद से पासबुक अपडेट कराने के दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। इनमें से एक महिला उनके बेहद करीब सटकर खड़ी हो गई। बहादुर सिंह द्वारा आपत्ति जताने और थोड़ा दूर हटने को कहने पर दोनों महिलाएं वहां से चुपचाप खिसक गईं।

थैला कटा देख उड़े होश

पासबुक प्रिंट होने के बाद जब बहादुर सिंह ने उसे थैले में रखना चाहा, तो देखा कि थैला नीचे से कटा हुआ था और उसमें रखे 50 हजार रुपये की पूरी नकदी गायब थी।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित पूर्व सैनिक ने तत्काल हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल विजय मेहता के अनुसार, बैंक के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो दोनों संदिग्ध महिलाएं पूर्व सैनिक के आसपास मंडराती दिखाई दी हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कर ली गई है और पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

ADVERTISEMENTS Ad