नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने सैनिटोरियम-रातिघाट (कैंची) बाईपास मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर वैलिब्रिज का फीता काटकर शुभारंभ किया। करीब 19 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण के लिए शासन से 37 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि बाईपास मार्ग के निर्माण से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से अल्मोड़ा, बागेश्वर, रानीखेत और पिथौरागढ़ की ओर आने-जाने वाले पर्यटकों तथा आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। इससे मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी और उन्हें जाम की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि मार्ग के अधिकांश हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष भाग में डामरीकरण का कार्य किया जाना बाकी है। मानसून और संभावित बारिश को देखते हुए मार्ग पर पोकलैंड और जेसीबी मशीनों की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

सांसद ने आगामी 15 जून को कैंचीधाम में आयोजित होने वाले मेले के मद्देनजर पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा की गई यातायात और अन्य व्यवस्थाओं में आमजन से सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से मेले का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक Sarita Arya, दर्जा राज्य मंत्री नवीन वर्मा, भावना मेहरा, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मसत्तू, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad