अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा एवं नगर कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा जनपद से 39 चिकित्सकों के किए गए स्थानांतरणों को निरस्त करने की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल, उत्तराखंड के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी अल्मोड़ा के माध्यम से प्रेषित किया।


ज्ञापन में कहा गया कि अल्मोड़ा जनपद कुमाऊँ मंडल का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जिसका सीधा संबंध बागेश्वर, पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों से भी है। जनपद के बेस चिकित्सालय एवं जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं तथा गंभीर रोगियों को भी यहीं प्राथमिक एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।


कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा बिना समुचित व्यवस्था किए एक साथ 39 चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया है, जिनमें जनरल सर्जन, फिजिशियन, बाल रोग विशेषज्ञ, ईएनटी सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। इन स्थानांतरणों से जनपद की स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित होंगी तथा दूरस्थ क्षेत्रों की जनता को उपचार के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कई चिकित्सकों के स्थानांतरण पारिवारिक परिस्थितियों एवं शासनादेशों के अनुरूप नहीं किए गए हैं, जिससे चिकित्सकों और उनके परिवारों के समक्ष भी कठिन परिस्थितियां उत्पन्न हो रही हैं।
जिला कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल से जनहित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए हस्तक्षेप करने तथा अल्मोड़ा जनपद से किए गए चिकित्सकों के स्थानांतरणों की पुनः समीक्षा कर जनविरोधी एवं अव्यावहारिक तबादलों को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन मैं कॉंग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज, नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, प्रकाश जोशी ,राधा बिष्ट, गीता मेहरा केवल सती, कुंदन भंडारी, पूरन Rautela, निर्मल रावत,विनोद वैष्णव, मनोज वर्मा, गोविंद मेहरा, हेम आर्य,मुकेश कुमार जगदीश तिवारी कृष्णा बिष्ट, हरीश भट्ट कन्नू बिष्ट,परितोष जोशी सहित दर्जनों कॉंग्रेस जन उपस्थित रहे

ADVERTISEMENTS