काठगोदाम। जनपद नैनीताल में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार कड़ा शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल के आदेशों के अनुपालन में काठगोदाम पुलिस टीम ने गुंडा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को जिला बदर (जनपद सीमा से निष्कासित) कर दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बद्रीपुर (काठगोदाम) निवासी तिलक उर्फ डैनी पुत्र प्रेम सिंह के विरुद्ध अमल में लाई गई है। मल्ला काठगोदाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार विधिक प्रक्रिया पूरी की। इसके पश्चात अभियुक्त को नैनीताल जिले की सीमा से बाहर भेजकर जिलाधिकारी के निष्कासन आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में भयमुक्त माहौल और आमजन की सुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों, गुंडागर्दी या शांति व्यवस्था भंग करने में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की यह सख्त और दंडात्मक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad