गरमपानी: हल्द्वानी से भवाली-नैनीताल मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। हल्द्वानी से भवाली की ओर जा रही आनंद मिल्क की एक सप्लाई गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना दो गाँव के पास, सिद्धार्थ स्कूल के समीप घटित हुई।

हादसा इतना तेज था कि वाहन खाई में गिरते ही पलट गया और गाड़ी में रखे दूध के नीले क्रेट तथा पैकेट नीचे खाई में चारों तरफ बिखर गए। इस दुर्घटना में गाड़ी का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल ड्राइवर को खाई से बाहर निकालकर तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad