बेतालघाट, । आगामी 09 अगस्त 2026 (रविवार) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बेतालघाट में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्षेत्रवासियों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा। इस दौरान हड्डी रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन तथा महिला रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श देंगे। इसके अलावा आरोही संस्था के सहयोग से अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। ए.एन.सी. (ANC) अल्ट्रासाउंड के लिए ₹300 तथा सामान्य (जनरल) अल्ट्रासाउंड के लिए ₹600 का निर्धारित शुल्क रखा गया है।
स्वास्थ्य शिविर में एचआईवी जांच, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण, सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क एवं रियायती स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं और अपने परिवार के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस अवसर का लाभ अवश्य लें।

















