नैनीताल स्थित हॉस्टल जा रही 20 वर्षीय युवती के साथ उसकी ही भाभी के पिता द्वारा रास्ता बदलकर रातीघाट स्थित एक होटल में दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर भवाली कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सितारगंज क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 30 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे अपने घर से नैनीताल स्थित हॉस्टल जाने के लिए निकली थी। उसके बड़े भाई ने उसे बस में बैठाया था। इसी दौरान उसकी भाभी के पिता 52 वर्षीय नर सिंह कार्की का फोन आया और उसने युवती को अपनी कार से नैनीताल छोड़ने की बात कही।
आरोप है कि आरोपी नर सिंह कार्की युवती को नैनीताल ले जाने के बजाय हल्द्वानी से कालाढूंगी होते हुए रूसी बाईपास के रास्ते रातीघाट ले गया। पीड़िता के अनुसार, सफर के दौरान प्यास लगने पर उसने कार में रखा पानी पिया, जिसके बाद उसे हल्की बेहोशी महसूस होने लगी।
रातीघाट पहुंचने पर आरोपी ने एक होटल में कमरा लिया। आरोप है कि रात करीब 9 बजे उसने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। जब युवती ने इसका कड़ा विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती के शोर मचाने पर आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया।
भवाली कोतवाली के कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी नर सिंह कार्की के खिलाफ अपराध संख्या 42/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 62, 64, 115(2) और 352 में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।


















