गरमपानी।अलमोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरमपानी के समीप पास ओवरटेक का रास्ता मांगने को लेकर एक ट्रक चालक और दिल्ली नंबर की कार में सवार पर्यटकों के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी मारपीट और हाथापाई में बदल गई। बीच सड़क पर हुई इस घटना के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

ट्रक चालक के अनुसार, विवाद की शुरुआत प्रसिद्ध कैंची धाम क्षेत्र के पास से हुई। ट्रक चालक कैंची धाम से नीचे ही आगे चल रही दिल्ली नंबर की कार से पास मांग रहा था, लेकिन कार सवार लगातार रास्ता देने से बचते रहे। कैंची धाम से लेकर गरमपानी तक कई किलोमीटर की दूरी तक ट्रक चालक हॉर्न बजाकर पास मांगता रहा, लेकिन आगे चल रहे वाहन चालकों ने साइड नहीं दी।

जैसे ही गाड़ियां गरमपानी के पास पहुंचीं, कार सवारों ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर रोक दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दिल्ली नंबर की कार से कुछ युवक नीचे उतरे और ट्रक चालक के साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद बीच-बचाव कर ट्रक चालक को छुड़ाया और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी होने के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सबसे पहले सड़क पर फंसे वाहनों को निकालकर यातायात सुचारू कराया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले गई, जहाँ दोनों की बातें सुनने और नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई करने के बाद उन्हें सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

ADVERTISEMENTS Ad