15 मुकदमों का आरोपी चंदन सागर जंगल में छिपा था; पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल, SSP मंजुनाथ टीसी ने दी कड़ी चेतावनी।

नैनीताल: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और 15 गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित कुख्यात बदमाश चंदन सागर के बीच मुठभेड़ हो गई। दबिश के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली मारकर दबोच लिया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया है।

चेक पोस्ट के पास जंगल में छिपा था आरोपी पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित चंदन सागर क्षेत्र में सक्रिय है। पुलिस टीम जब दबिश देने पहुंची, तो आरोपी हाथी बगड़ (हाथी डंगर) वन विभाग चेक पोस्ट से आगे घने जंगलों की ओर भागकर छिप गया।

पुलिस वाहन को बनाया निशाना, की ताबड़तोड़ फायरिंग जंगल में खुद को घिरता देख चंदन सागर ने पुलिस टीम और सरकारी वाहनों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। इस अचानक हुई गोलीबारी में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

घेराबंदी के बीच आत्मरक्षा में चलाई गोली अतिरिक्त बल के साथ पुलिस टीम ने पूरे जंगल की घेराबंदी कर आरोपी को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को फंसता देख जब आरोपी ने दोबारा फायरिंग का प्रयास किया, तो पुलिस की जवाबी आत्मरक्षात्मक कार्रवाई में एक गोली चंदन सागर के सीधे पैर में लग गई। घायल होते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ पर ज़ीरो टॉलरेंस: SSP एसएसपी नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने कहा है कि जिले में भय का माहौल पैदा करने वाले और कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ज़ीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad