गरमपानी- शहीद श्री खेमचन्द्र डौर्बी राजकीय महाविद्यालय बेतालघाट में शुक्रवार को हर घर तिरंगा अभियान के षष्ठम दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. तरुण कुमार आर्य के निर्देशन में स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं की भूमिका विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मौर्य ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में लेखन क्षमता का विकास करने के साथ ही भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं के योगदान से अवगत कराना था।

प्रतियोगिता में रेशमा बिष्ट ने प्रथम, काजल भंडारी ने द्वितीय तथा पिंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. जयति दीक्षित और डॉ. ईप्सिता सिंह शामिल रहीं।
इसी क्रम में प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मौर्य की अध्यक्षता और सांस्कृतिक परिषद प्रभारी डॉ. निर्मला के संयोजन में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। इस दौरान भारत विभाजन पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया और विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई।


प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मौर्य ने कहा कि विभाजन भारतीय इतिहास की एक हृदयविदारक घटना है। इस घटना ने समुदाय और धर्म के आधार पर वैमनस्य की भावना को जन्म दिया। श्रीमती ममता पांडे ने विभाजन और विस्थापन को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए कहा कि भारत पाकिस्तान विभाजन का दंश लंबे समय तक झेला गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देकर इस तरह की त्रासदियों को दूर किया जा सकता है।

कार्यक्रम में पूर्व सैनिक श्री महेंद्र जलाल ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में विभाजन के दौरान दिवंगत हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर डॉ. जयति दीक्षित, डॉ. तरुण कुमार आर्य, डॉ. ईप्सिता सिंह, ममता पांडे, संतोष कुमार भारती सहित कर्मचारी वर्ग और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad