अष्टमी के श्राद्ध पर प्रशासनिक दावे फेल, कैंची धाम से खैरना तक लगा भीषण जाम; गरमपानी के व्यापारियों में भारी आक्रोश।
गरमपानी। विश्व प्रसिद्ध नीम करोली बाबा के आश्रम कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से हल्द्वानी-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। प्रशासन के लचर इंतजामों के चलते कैंची धाम से लेकर रातीघाट हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्थानीय निवासियों और यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
अष्टमी के श्राद्ध पर दूध जैसी जरूरी सेवाओं पर ब्रेक आज अष्टमी का श्राद्ध होने के कारण घरों में धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन यातायात ठप होने से कैंची धाम से आगे रातीघाट, गर्मपानी, छड़ा और खैरना क्षेत्र में दोपहर तक दूध की गाड़ियां नहीं पहुंच सकी हैं। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति ठप होने से स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्यापत है।
3 घंटे जाम में फंसकर अल्मोड़ा लौटे यात्री जाम का आलम यह रहा कि अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रहे कई यात्री कैंची धाम के पास करीब 3 घंटे तक फंसे रहे। अंततः ट्रैफिक सुधरने की कोई उम्मीद न देख वे हताश होकर वाहन मोड़कर वापस अल्मोड़ा की ओर लौट गए।
15 जून से भी बदतर हालात, उठे गंभीर सवाल गरमपानी के स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि 15 जून (स्थापना दिवस) के मौके पर जब लाखों की भीड़ आती है, तब भी ऐसी अव्यवस्था देखने को नहीं मिलती थी, जैसी आज देखने को मिल रही है। व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने तीखे सवाल खड़े करते हुए कहा कि क्या प्रशासन के पास भीड़ प्रबंधन की कोई रणनीति नहीं है? कैंची धाम से आगे रहने वाले लोग आखिर कब तक इस रोजाना की परेशानी को झेलते रहेंगे? जनता ने मांग की है कि प्रशासन इस पर तुरंत सख्त कार्रवाई करे और कोई ठोस ट्रैफिक नियम बनाए, ताकि भविष्य में इस तरह के संकट से निजात मिल सके।


















