छड़ा गांव से NH जोड़ने वाले सीसी मार्ग पर झाड़ी कटान व सफाई कार्य संपन्न
खैरना: ग्राम सभा छड़ा खैरना में स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत छड़ा गांव से राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) की ओर जाने वाले मुख्य सीसी (CC) मार्ग की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस स्वच्छता अभियान का नेतृत्व ग्राम प्रधान उषा पिनारी ने किया। उनके आह्वान पर गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए इस जनहित कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मार्ग के दोनों ओर घनी झाड़ियां उग जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी असुविधा हो रही थी। ग्रामीणों ने एकजुट होकर झाड़ियों का कटान किया और पूरे मार्ग को साफ-सुथरा बनाया।
ग्राम प्रधान उषा पिनारी ने कहा कि गांव को स्वच्छ व सुरक्षित बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाली सभी ग्रामीण महिलाओं का आभार व्यक्त किया।

















