गरमपानी : खैरना-रानीखेत स्टेट हाईवे पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कनवाड़ी की पहाड़ी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खैरना से भुजान की ओर जा रहा बाइक सवार युवक सामने से आ रही केएमओ (KMO) बस से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार खैरनी निवासी 22 वर्षीय महिपाल (पुत्र मदन सिंह) को गंभीर चोटें आई हैं।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिपाल अपनी बाइक से खैरना से भुजान की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान रानीखेत की तरफ से हल्द्वानी की ओर आ रही केएमओ बस से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि महिपाल सड़क पर जा गिरा और उसके पैर में गंभीर चोट आई।

​दुर्घटना के तुरंत बाद बस चालक और उसमें सवार यात्रियों ने इंसानियत दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद महिपाल के पैर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया।

​हादसे के बाद खैरना-रानीखेत हाईवे पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

ADVERTISEMENTS Ad