अगर आपको जाना है अल्मोड़ा रानीखेत बागेश्वर तो पड़े यह खबर ,गणेश चतुर्थी और वीकेंड पर कैंची धाम में उमड़ेगी भीड़, नैनीताल पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
गणेश चतुर्थी और वीकेंड के चलते श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 13 और 14 तारीख को यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए भवाली और भीमताल पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया है।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था
अल्मोड़ा/रानीखेत से हल्द्वानी: अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर वाया रामगढ़/मुक्तेश्वर होकर हल्द्वानी भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्र: जरूरी सेवाओं वाले भारी वाहन अपने तय रूट से चल सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को ट्रैफिक के दबाव के आधार पर भवाली मस्जिद तिराहे से पीछे रोका जाएगा या रामगढ़ व खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए पार्किंग व शटल सेवा
भीमताल रूट: भीमताल के रास्ते कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को ‘विकास भवन पार्किंग’ में पार्क कराया जाएगा। यहाँ से श्रद्धालु स्थानीय शटल सेवा द्वारा भवाली और कैंची धाम पहुँचेंगे।
गेठिया/नैनीताल रूट: गेठिया या नैनीताल होकर कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के वाहनों को ‘भवाली सैनेटोरियम पार्किंग’ में रोका जाएगा। यहाँ से आगे की यात्रा शटल सेवा से तय करनी होगी।
चार पहिया व अन्य वाहनों के लिए नियम
हल्द्वानी से पहाड़ों की ओर: हल्द्वानी से ऊपर जाने वाले सामान्य चार पहिया वाहन रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे।
पहाड़ों से वापसी का रूट: पर्वतीय क्षेत्रों से नीचे आने वाले चार पहिया वाहन क्वारब-नथुवाखान-रामगढ़ मार्ग से भेजे जाएंगे।
टैक्सी व दोपहिया वाहनों पर रोक: छुट्टी और वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन की अपील यातायात पुलिस ने सभी पर्यटकों, आम जनता और वाहन चालकों से अनुरोध किया है कि असुविधा से बचने के लिए डायवर्जन प्लान का सख्ती से पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।