पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से सोशल मीडिया के प्रेम जाल में फंसकर एक हंसता-खेलता परिवार बिखरने का मामला सामने आया है। यहां एक गांव की रहने वाली तीन बच्चों की मां को इंस्टाग्राम पर एक युवक से इस कदर प्यार हुआ कि वह अपने मासूम बच्चों और पति को छोड़कर प्रेमी के साथ हरियाणा चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस महिला को ढूंढते हुए हरियाणा तो पहुंच गई, लेकिन कानूनन बालिग होने के कारण पुलिस उसे जबरन वापस नहीं ला सकी और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र की महिला की कुछ समय पहले कनालीछीना क्षेत्र के एक युवक से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातें बढ़ने लगीं और यह दोस्ती गहरे प्यार में बदल गई। प्यार का जुनून इस कदर हावी हुआ कि महिला ने अपने तीन छोटे बच्चों के भविष्य और पति के साथ बिताए सालों की भी परवाह नहीं की। मौका मिलते ही वह चुपके से घर से निकली और अपने प्रेमी के साथ हरियाणा फरार हो गई।
मां के अचानक गायब हो जाने से घर में कोहराम मच गया। छोटे-छोटे बच्चों का अपनी मां के बिना रो-रोकर बुरा हाल था। बिलखते बच्चों और बिखरते परिवार को देख परेशान परिजनों ने पुलिस की शरण ली। पति की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला की गुमशुदगी की प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी मदद से पुलिस ने आखिरकार महिला की लोकेशन हरियाणा में ढूंढ निकाली।
पिथौरागढ़ पुलिस की एक टीम तुरंत महिला को बरामद करने के लिए हरियाणा रवाना हुई। पुलिस टीम जब वहां पहुंची और महिला से घर वापस चलने को कहा, तो उसने अपने पति और बच्चों के पास लौटने से साफ इनकार कर दिया। वह अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ गई।
इस मामले पर उपनिरीक्षक (SI) ललित डंगवाल ने बताया कि महिला कानूनन बालिग है, इसलिए उसे उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन वापस नहीं लाया जा सकता है। वहीं, क्षेत्राधिकारी (CO) गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि महिला ने पुलिस टीम से जल्द ही वापस लौटने की बात कही है। फिलहाल वह हरियाणा में अपने किसी सगे-संबंधी की देखरेख और सुरक्षा में रह रही है।
















