पर्यावरण व स्वच्छता का संदेश: ग्रामीणों को बांटे 150 पौधे व डस्टबिन, विभागीय योजनाओं पर हुआ मंथन
गरमपानी । बेतालघाट विकास खंड के अंतर्गत छड़ा-खैरना ग्राम पंचायत की खुली बैठक सोमवार को महिला सभागार खैरना में आयोजित की गई। ग्राम प्रधान ऊषा पिनारी की अध्यक्षता और ब्लॉक प्रमुख अंकित साह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके त्वरित समाधान हेतु सर्वसम्मति से प्रस्ताव तैयार किए।

बैठक में ग्रामीणों ने शिप्रा और कोसी नदी के तटीय क्षेत्रों में मानसून के दौरान होने वाले भू-कटाव और जलभराव पर गहरी चिंता व्यक्त की। ग्रामीणों ने नदियों के उफान से होने वाले संभावित खतरे से बचाव के लिए चेक डैम व सुरक्षा दीवारों के निर्माण, गांवों में सी०सी० मार्ग निर्माण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने तथा भूमिहीन परिवारों के लिए आवश्यक प्रारूप तैयार करने की मांग रखी।

बैठक के दौरान स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीणों को डस्टबिन तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु 150 नि:शुल्क फलदार व छायादार पौधे वितरित किए गए। इस दौरान पशुपालन विभाग के कर्मचारियों ने पशुपालकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी, वहीं उद्यान विभाग द्वारा किसानों को ‘फार्मर कार्ड’ बनवाने हेतु जागरूक किया गया।

बैठक में उपप्रधान देवकी देवी, वार्ड सदस्य राजेंद्र सिंह, किरण गोस्वामी, हर्षित कांडपाल, रेखा देवी, हंसी देवी, सपना पंत, मुकेश कुमार, मनोज सिंह मेहरा सहित पूरन लाल साह, मदन मोहन कैड़ा, बालम सिंह पिनारी, नीरज जलाल, हरीश मेहरा, पंकज पंत, दिवेश कांडपाल, धन सिंह बिष्ट, मनोज बिष्ट, मदन मेहरा व भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

















