राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर स्थित संवेदनशील क्वारब डेंजर जोन को करीब 48 दिनों के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को वाहनों की आवाजाही के लिए दोबारा खोल दिया गया है. पहाड़ी दरकने और लगातार भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने गत 29 मई से इस मुख्य मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया था. सुरक्षा के मद्देनजर वर्तमान में क्वारब के दोनों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि वाहनों का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके. फिलहाल वाहनों को एक-एक कर बारी-बारी से आगे बढ़ाया जा रहा है, हालांकि सड़क पर उड़ रही अत्यधिक धूल से यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, मुख्य मार्ग बंद होने के बाद यातायात को 5 किलोमीटर लंबे डोबा-चौसली वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया गया था. इस मार्ग के डेढ़ किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण किया जा चुका है, जबकि शेष भाग पर अभी काम जारी है। हाल के दिनों में हुई लगातार बारिश के कारण इस वैकल्पिक मार्ग पर भी कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क बार-बार बंद होने लगी और यात्रियों को लंबा इंतजार व भारी जाम का सामना करना पड़ा।
यातायात में आ रही इस लगातार बाधा को देखते हुए प्रशासन ने अब डोबा-चौसली वैकल्पिक मार्ग को अगले चार दिनों के लिए पूरी तरह बंद कर उस पर सुधार कार्य शुरू कर दिया है। इसी वजह से बुधवार से सभी वाहनों को क्वारब डेंजर जोन से होकर निकाला गया। लोक निर्माण विभाग (PWD) लोडर मशीनों की मदद से मलबे को हटाने और जरूरी मरम्मत का काम तेजी से कर रहा है। विभाग का कहना है कि कार्य पूरा होते ही वैकल्पिक मार्ग पर भी यातायात सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।

















