गरमपानी । श्री रामलीला सेवा समिति गरमपानी-खैरना की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित की गई, जिसमें आगामी रामलीला मंचन की रूपरेखा तय की गई और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से आरडी जोशी को समिति का नया अध्यक्ष, हितेश शाह को महामंत्री तथा कैलाश नेगी को सचिव चुना गया।

कार्यकारिणी विस्तार के तहत त्रिभुवन पाठक को कार्यकारी अध्यक्ष, भगवान पांडे को उपाध्यक्ष और नीरज जलाल को उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई। रामलीला मंचन के सफल निर्देशन के लिए राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी को निर्देशक चुना गया, जबकि भास्कर त्रिपाठी और गगन त्रिपाठी सह निर्देशक बनाए गए हैं। इसके अलावा वित्तीय प्रबंधन के लिए ललित तिवारी को कोषाध्यक्ष, विवेक पंत व जीवन नेगी को सह-कोषाध्यक्ष तथा ठाकुर प्रताप सिंह गौनी को मुख्य व्यवस्थापक की कमान सौंपी गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 1 सितंबर से रामलीला मंचन के लिए कलाकारों का अभ्यास (तालीम) शुरू कर दिया जाएगा। इसके उपरांत 22 सितंबर को धार्मिक रीति-रिवाज के साथ हनुमान झंडी की स्थापना की जाएगी और शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिवस से रामलीला मंचन का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad