गरमपानी lखैरना और गरमपानी बाजार क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आवारा पशुओं के झुंड से आम जनजीवन, स्कूली बच्चों, राहगीरों और व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाने की मांग को लेकर देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल, खैरना-गरमपानी के अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने आज तहसील श्री कैंची धाम के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि बाजार और मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के जमावड़े के कारण दिनभर अव्यवस्था बनी रहती है। विशेष रूप से सुबह और दोपहर के समय स्कूल आते-जाते छोटे बच्चों पर इन पशुओं के अचानक आक्रामक होने और पीछे दौड़ने का डर बना रहता है, जिससे अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, बाजार में खरीदारी करने पहुंचने वाले ग्राहकों व पैदल चलने वालों को भी सुरक्षित आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने बताया कि आवारा पशुओं के आपस में भिड़ने और अचानक सड़क पर आ जाने से कई राहगीर, दोपहिया व चारपहिया वाहन चालक तथा दुकानदार चोटिल हो चुके हैं। साथ ही बाजार में रखे सामान व सब्जियों-फलों को भी नुकसान पहुंच रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों को आर्थिक चपत लग रही है।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने जनहित, सड़क सुरक्षा और नौनिहालों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से अविलंब अभियान चलाकर सभी आवारा पशुओं को पकड़वाने तथा उन्हें नजदीकी गौशाला या सुरक्षित स्थान पर भिजवाने की पुरजोर मांग की है।




























