गरमपानी । भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि दोनों ही घटनाओं में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और वाहनों में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।


पहला हादसा रामगाड़ पुल के समीप शाम लगभग 6 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खैरना की ओर आ रही एक कार के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक न लगने के कारण अनियंत्रित कार आगे चल रहे एक ‘छोटे हाथी’ (लोडर वाहन) से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने आपस में बातचीत कर आपसी समझौते से मामला सुलझा लिया।


वहीं, दूसरा हादसा खैरना पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की आपस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए, लेकिन समय रहते वे सुरक्षित बच गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खैरना पुलिस ने स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।

ADVERTISEMENTS Ad