खैरना : अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर खैरना के पास आज एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक चलती पिकअप के चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पीछे की ओर आ गया और सीधे सड़क किनारे स्थितश्याम जलपान गृह में जा घुसा। इस दुर्घटना में दुकान में बैठे दो ग्राहक चोटिल हो गए हैं।

लोगों का कहना है कि पिकअप अपनी सामान्य गति से जा रहा था कि तभी चालक अपनी सुध-बुध खो बैठा। मिर्गी का झटका लगते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे पिकअप पीछे की ओर तेजी से आने लगी। अनियंत्रित वाहन ने सीधे श्याम जलपान गृह को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के वक्त दुकान में कुछ लोग नाश्ता कर रहे थे। वाहन के टकराने से दो ग्राहक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गनीमत यह रही कि पिकअप की रफ्तार बहुत अधिक नहीं थी और वह दुकान के अगले हिस्से से टकराकर रुक गई, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

​सूचना मिलते ही खैरना पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और बीच सड़क पर खड़ी पिकअप को लोगों की मदद से किनारे करवाया ताकि यातायात बाधित न हो। फिलहाल पुलिस चालक की स्थिति और वाहन के दस्तावेजों की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad