मात्र 21 वर्ष की उम्र में थमी सांसें; ट्रेनिंग पूरी कर जम्मू में मिली थी पहली पोस्टिंग, क्षेत्र में शोक की लहर
टिहरी:जम्मू में तैनात भारतीय सेना के 21 वर्षीय अग्निवीर रोहित सिंह का अपनी ही सर्विस राइफल से गोली लगने के कारण दुखद निधन हो गया है। रोहित सिंह उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली (पट्टी भिलंग, ग्राम पंचायत मेंदू सिंधवाल) के निवासी थे। हालांकि, यह दर्दनाक घटना कैसे हुई, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
रोहित करीब एक वर्ष पहले भारतीय सेना की ’20 गढ़वाल राइफल’ में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए थे। ग्राम प्रधान कुंवर सिंह के अनुसार, रोहित ने हाल ही में अपनी कठिन ट्रेनिंग पूरी की थी, जिसके बाद उनकी पहली पोस्टिंग जम्मू में हुई थी। बीते 10 जून की सुबह यह हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
सेना द्वारा शहीद अग्निवीर का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा दिया गया है, जहां शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दुखद खबर से गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। रोहित के पिता सुरेंद्र सिंह दुबई में कार्यरत हैं, जबकि उनका छोटा भाई मोहित कक्षा 9 का छात्र है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने रोहित सिंह को नमन करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
















