गरमपानी– न्याय पंचायत क्षेत्र प्यूड़ा स्थित आरोही बाल संसार प्यूड़ा के क्रीड़ांगन में आयोजित दो दिवसीय न्याय पंचायत स्तरीय खेल महाकुंभ-2026 का समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के करीब 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर दमखम दिखाया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान सतखोल अमित सिंह बिष्ट रहे।
इस दौरान खेल महाकुंभ के तहत कुल 66 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गईं। अंडर-14 एथलेटिक्स की 600 मीटर दौड़ में योगिता, कपिल और नवल नेगी ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में बुद्धि आर्या ने 3000 मीटर तथा संजय जीना ने 5000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 100 से अधिक खिलाड़ियों का विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ी विधानसभा भीमताल स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन न्याय पंचायत प्यूड़ा के संयोजक एवं अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सतखोल के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद जोशी और सह-आयोजक आरोही बाल संसार प्यूड़ा के प्रधानाचार्य बृजेश सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। मुख्य निर्णायक अमित कांडपाल, एथलेटिक्स निर्णायक दीपक पांडे, मंच संचालक हेमंत कुमार पांडे समेत अन्य शिक्षकों और निर्णायकों ने प्रतियोगिताओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान संयोजक प्रकाश चंद जोशी ने अतिथियों, शिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया।

















