(ब्रह्माकुमारीज उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा के आयोजन में जिला चिकित्सालय में हुआ रक्तदान, डाक विभाग के साथियों ने ग्यारह यूनिट रक्तदान किया)
अल्मोड़ा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका एवं आध्यात्मिक प्रेरणास्रोत दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर संपूर्ण भारतवर्ष में निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं रक्तदान महाअभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ब्रह्माकुमारीज उप सेवा केंद्र अल्मोड़ा की ओर से हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में रक्तदान को मानवता की सर्वोत्तम सेवाओं में से एक बताते हुए अनेक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जिला चिकित्सालय के डॉ. कपिल एवं चिकित्सा कर्मियों ने शिविर के सफल संचालन में विशेष सहयोग प्रदान किया।इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से डॉ. जे.सी. दुर्गापाल, हेमेंद्र जोशी, अजय तिवारी, श्रीमती सावित्री सांगा, रजनी पंत, नेहा बनकोटी सहित रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष आशीष वर्मा, दीपचंद जोशी, एडवोकेट संजय कुमार अग्रवाल तथा अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं चिकित्सालय के कार्मिक उपस्थित रहे।रक्तदान शिविर में प्रधान डाकघर अल्मोड़ा के कार्मिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानव सेवा का प्रेरक संदेश दिया। रक्तदाताओं में अरुण नेगी, रवि मेहता, कैलाश चंद्र पांडे, संजय सिंह बिष्ट, हिमांशु भट्ट, मनदीप सिंह कन्याल, विमलेश सिंह भाकुनी, जितेंद्र सिंह मेहता, विजय कुमार आर्या, पवन गिरी गोस्वामी तथा राजेश बिष्ट ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के हेमेंद्र जोशी ने सभी रक्तदान दाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की। उन्होंने अभियान में सहयोग के लिए प्रधान डाकघर के प्रभारी अधिकारी एवं पोस्ट मास्टर जी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरणादायी सहयोग से डाकघर के कार्मिकों ने दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत संकल्प को सार्थक किया है।
डॉ. जे.सी. दुर्गापाल ने संपूर्ण अभियान में विशेष सेवा प्रदान करते हुए सभी सहयोगियों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त कर ब्रह्माकुमारीज संस्था की इस पहल को अत्यंत प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में करुणा, संवेदना और मानवीय एकता का संदेश देने वाली महान सेवा है।
जिला चिकित्सालय के डॉ. कपिल तथा रेडक्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने भी ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा आयोजित इस पुनीत अभियान की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा भविष्य में भी ऐसे जनोपयोगी अभियानों में सहयोग का भरोसा व्यक्त किया।
शिविर के समापन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज संस्था की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं फल वितरित कर सम्मानित किया गया। दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि पर आयोजित यह रक्तदान अभियान सेवा, संवेदना और सहयोग की उस मानवीय परंपरा का संदेश देता नजर आया, जिसमें किसी अनजान व्यक्ति के जीवन की रक्षा के लिए दिया गया रक्त वास्तव में मानवता के नाम समर्पित जीवन का अमूल्य उपहार बन जाता है।

















