( आगामी तीन जुलाई को होगी नीलामी। संजय कुमार एस डी एम बारामंडल अल्मोड़ा)
तहसील सदर, अल्मोड़ा परिसर में मंगलवार को शत्रु संपत्ति की ई-नीलामी के संबंध में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी सदर संजय कोहली ने की।
शिविर में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय, लखनऊ शाखा से आए प्रशांत सिंह सैनी ने उपस्थित नागरिकों एवं इच्छुक प्रतिभागियों को शत्रु संपत्ति की ई-नीलामी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण, प्री-ईएमडी जमा करने की प्रक्रिया तथा नीलामी में प्रतिभाग करने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।
जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद अल्मोड़ा के ग्राम खत्याड़ी स्थित गाटा संख्या 19076, 19077, 19078, 19079 एवं 19080 की कुल 0.2510 हेक्टेयर (लगभग 12 नाली) शत्रु संपत्ति की ई-नीलामी प्रस्तावित है। उक्त संपत्ति का बेस प्राइस 9 करोड़ 63 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। नीलामी में प्रतिभाग करने के लिए 25 लाख रुपये की प्री-ईएमडी राशि निर्धारित की गई है।
बताया गया कि उक्त संपत्ति की ई-नीलामी 03 जुलाई 2026 को एमएसटीसी ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक संचालित होगी।
शिविर में उपस्थित लोगों को ई-नीलामी से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां प्रदान की गईं तथा इच्छुक व्यक्तियों से समय रहते पंजीकरण कर नीलामी प्रक्रिया में प्रतिभाग करने का आह्वान किया गया।
















