एक्सपायरी सामान कराया नष्ट; कैंचीधाम में संयुक्त टीम ने किया होम स्टे का औचक निरीक्षण।
गरमपानी। आगामी दशहरा और दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बेतालघाट तथा कैंचीधाम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। उच्चाधिकारियों के निर्देश व जनशिकायतों के आधार पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में बेतालघाट बाजार में रेस्टोरेंट, किराना, फल-सब्जी और मिठाई की एक दर्जन से अधिक दुकानों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता में संदेह होने पर एक दुकान से गाय के घी का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर तीन प्रतिष्ठानों को ऑनलाइन नोटिस जारी किए गए हैं; 15 दिनों में सुधार न होने पर कोर्ट चालान की चेतावनी दी गई है। वहीं, एक दुकान से एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया और बिना लाइसेंस संचालित मिठाई की दुकान को एक सप्ताह की मोहलत दी गई।
उधर, कैंचीधाम में तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा, पर्यटन, आपूर्ति व विद्युत विभाग की संयुक्त टीम ने शिकायत के आधार पर एक होम स्टे का निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर एफएसएस एक्ट-2006 के तहत सख्त कार्रवाई होगी।





















