कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे हरियाणा के श्रद्धालुओं की कार रविवार सुबह पर्वतीय मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कार सवार दोनों युवकों को चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार (संख्या HR-08-W-5045, बलेनो) भवाली से कैंची धाम की ओर जा रही थी। भवाली पुलिस चौकी से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत अभियान चलाया और दोनों सवारों को खाई से सकुशल बाहर निकाल लिया।

कार में अमित (24) पुत्र महिपाल, निवासी हसनपुर (गुड़गांव) और सौरभ शर्मा (28) पुत्र रमेश शर्मा, निवासी रोहतक (हरियाणा) सवार थे। दोनों कैंची धाम में दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे।

घटना की पुष्टि करते हुए कोतवाल प्रकाश मेहरा ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पर्वतीय मार्गों पर हो रही लगातार बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं, जिससे हादसों का जोखिम बढ़ गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से पहाड़ी रास्तों पर सीमित गति और पूरी सावधानी के साथ ड्राइव करने की अपील की है।

ADVERTISEMENTS Ad