( वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजू नाथ टी सी सहित पुलिस परिवार ने दी बधाई।)
नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर नैनीताल पुलिस में तैनात एसपी संचार रेवाधर मठपाल को पुलिस विभाग में उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” से सम्मानित किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नैनीताल पुलिस परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रेवाधर मठपाल को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर उत्कृष्ट सेवाओं की कामना की।
रेवाधर मठपाल ने वर्ष 1994 में पुलिस रेडियो विभाग में उपनिरीक्षक के पद से अपनी सेवा की शुरुआत की थी। वर्ष 2000 में निरीक्षक रेडियो, वर्ष 2017 में पुलिस उपाधीक्षक और वर्ष 2025 में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए।
अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने पीलीभीत, बागेश्वर, हरिद्वार, पुलिस मुख्यालय, ऊधमसिंहनगर और नैनीताल सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निष्ठा, परिश्रम और लगन के साथ निर्वहन किया।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए रेवाधर मठपाल को इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें वर्ष 2010 में सराहनीय सेवा चिन्ह, वर्ष 2021 में विशिष्ट कार्य के लिए सराहनीय पदक तथा वर्ष 2022 में उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं नैनीताल पुलिस परिवार ने रेवाधर मठपाल को शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर सफल एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल की कामना की है।


















