विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसकी सफलता के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा बीएलओ एवं बीएलए के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।

बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टिंग) एवं मृत मतदाताओं से संबंधित सूचियां राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि इन सूचियों के परीक्षण एवं सत्यापन में राजनैतिक दलों का सहयोग मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण, सतत मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण किया जाए।

बैठक के दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के संचालन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों एवं सुझावों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त सुझावों का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ, बीएलए तथा राजनैतिक दलों को समन्वय एवं सहयोग के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विशेष रूप से नगरीय क्षेत्रों में फॉर्म वितरण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों पर अतिरिक्त ध्यान देने तथा वहां प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad