“सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के साथ “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित सेवा पखवाड़ा के तहत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय, शहरफाटक परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए जनसमस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर आयोग अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से जन-जन के द्वार पहुंचकर लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, इसलिए सभी अधिकारी शिविरों को पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित करें।
शिविर के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, विद्युत एवं पेयजल बिलों, पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टाल पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।बाल विकास विभाग द्वारा पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक प्रदान किया तथा चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट वितरित की।पशुपालन विभाग द्वारा ब्रॉयलर फार्म योजना के अंतर्गत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये तथा बकरी पालन योजना के तहत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट वितरित की गई।
















