अल्मोड़ा। देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार के आमरण अनशन के चौथे दिन गुरुवार को अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अनशन स्थल पहुंचे और आंदोलनरत कर्मचारियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्षों से सफाई व्यवस्था की रीढ़ बने पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों की उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण है।
उनकी मांगें पूरी तरह न्यायोचित हैं और सरकार को बिना देर किए कर्मचारियों से वार्ता कर समाधान निकालना चाहिए।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि चार दिनों से आमरण अनशन जारी है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी वर्षों से नगरों और कस्बों को स्वच्छ रखने का कार्य कर रहे हैं, उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। सरकार को उनके धैर्य की परीक्षा लेने के बजाय उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में लागू ठेका प्रथा समाप्त करने, वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण, नियमितीकरण नियमावली में संशोधन, महिला स्वच्छता समिति एवं आउटसोर्स कर्मियों को नियमित करने, पर्यावरण मित्रों को आवासों का मालिकाना हक देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा पदोन्नति सहित अन्य मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि वह स्वयं शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभागीय मंत्री राम सिंह कैड़ा तथा विभागीय सचिव से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की सभी लंबित मांगों को उनके समक्ष प्रमुखता से रखेंगे और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह करेंगे।मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों के संघर्ष के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन और व्यापक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने शासन से तत्काल वार्ता कर कर्मचारियों को लिखित आश्वासन देने की मांग की।इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अनशनरत कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया और उनकी मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की।समर्थन मे विधायक मनोज तिवारी, महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, पार्षद हेम तिवारी, पार्षद दीपक कुमार,पार्षद वैभव पांडे,परितोष जोशी, पूरन सिंह रौतेला पूर्व दर्जा मंत्री,प्रदीप चंद आर्य पार्षद, दिनेश पांडे,इंतिक्वाब आलम आलम कुरैशीपार्षद,भैरव गोस्वामी जिला महामंत्री व्यापार मंडल, पंकज कांडपाल,अमरेश पवार, अनुप भारती पार्षद, हेम सती,मुकेश नेगी पूर्व सभासद आदि लोग शामिल रहे

















