भवाली: भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट क्षेत्र में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक मादा तेंदुए का शव बरामद हुआ। मार्ग से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब बेसुध पड़ी मादा तेंदुए पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी वन विभाग को दी। सूचना पाते ही वन विभाग की टीम त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की।

​प्राथमिक जांच के दौरान वन विभाग के अधिकारियों को तेंदुए के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। इस वजह से मौत के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। वन विभाग ने घटना की विस्तृत जांच के लिए शव को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।

​वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि निगलाट क्षेत्र से मादा तेंदुए का शव मिला है। शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान न होने के कारण फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे तेंदुए का शव मिलने की खबर से क्षेत्रीय ग्रामीणों और राहगीरों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad